जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड वन विकास निगम कर्मचारी संघ केप्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष बृजमोहन कन्याल के नेतृत्व में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने काबीना मंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत करवाया।
प्रतिनिधि मंडल ने पूर्व कैबिनेट मंत्री को अवगत कराया कि वर्ष 2020-21 से गढ़वाल मंडल के पौड़ी और हरिद्वार जनपद में छपान कार्य ठप पड़ा हुआ है, जबकि कुमाऊं मंडल में यह प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। गढ़वाल मंडल में भी यह कार्य शीघ्र बहाल किया जाना चाहिए। कहा कि नई आउटसोर्सिंग व्यवस्था के कारण निगम में कार्यरत 805 कर्मियों का भविष्य संकट में पड़ सकता है। ये कर्मचारी वर्षों से उत्तराखंड वन निगम में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसलिए उनकी सेवाएं जारी रखी जानी चाहिए। इसके अलावा प्रतिनिधि मंडल ने कर्मचारियों की वेतन विसंगति को दूर करने, निगम के खनन विभाग हरिद्वार में हुई वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराने और क्षेत्रीय प्रबंधक महेश चंद्र आर्य द्वारा 3 फरवरी 2025 को जारी पत्र को कर्मचारी हित में तत्काल निरस्त करने की मांग भी उठाई। इस पर पूर्व कैबिनेट मंत्री ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन दिया कि वे इस मामले को शासन स्तर पर उठाएंगे तथा कर्मचारियों को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास करेंगे।