नोएडा महाकौथिग मेले में रही गढ़रत्न नरेन्द्र सिंह नेगी और अनिल बिष्ट के गीतों की धूम

Spread the love

सुपर मॉम प्रतियोगिता की विजेता बनीं बुराड़ी दिल्ली की पूनम तोमर
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नोएडा स्टेडियम में चले रहे 15वें महाकौथिग मेले के छठवें दिन गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी को सुनने के लिए प्रवासी उत्तराखंडियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मेले में सुबह से ही दर्शकों की भीड़ देखने को मिली और शाम होते-होते पूरा स्टेडियम खचाखच भर गया। महाकौथिग में पहाड़ी उत्पादों, आभूषणों एवं पोशाकों के अलावा पहाड़ी खानपान के करीब 187 स्टाल लगे हैं। जहां पर लोगों ने जमकर खरीददारी की। जिससे स्टाल मालिकों के चेहरों पर रौनक रही।
छठवें दिन सुबह के सत्र का शुभारम्भ मुख्य अतिथि डॉ. प्रवीण रंजन डीसीपी ट्रैफिक नोएडा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर उन्होंने महाकौथिग के शानदार आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आज मुझे नोएडा में महाकौथिग के मंच पर जागेश्वर धाम के दर्शन करते हुए बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने उत्तराखंडी खान-पान एवं परिधानों की दिल खोलकर प्रशंसा की। इस मौके पर उतराखंडी सुपर मॉम प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 16 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में मुख्य जज की भूमिका में लोक गायिका स्वर कोलिला कल्पना चौहान, उत्तराखंडी अभिनेत्री मनीषा मलकोटी, उत्तराखंडी संगीत निर्देशक राकेश गुसाईं रहे। तीन राउंड तक चली प्रतियोगिता में जजों ने प्रतिभागियों से मंच पर परिचय, लोक नृत्य, उत्तराखंड से संबंधित खानपान, वस्त्र, आभूषण, बोली भाषा एवं उनके सामाजिक योगदान को लेकर प्रश्न किए। सुपर मॉम प्रतियोगिता की विजेता दिल्ली बुराड़ी की पूनम तोमर बनी, जबकि दूसरे स्थान पर नोएडा सेक्टर-22 की सुनीता नयाल, तीसरा स्थान ममता गुसाईं सुपरटेक नोएडा ने हासिल किया। इसके साथ ही विशेष पुरस्कार में बिगरेली बांद का पुरस्कार रेनु उनियाल इंद्रापुरम को मिला, जबकि लंबी धौंपेली का पुरस्कार कविता भाकुनी मयूर विहार फेस-3 को दिया गया। शाम के सत्र का शुभारम्भ उत्तराखंड भाजपा की महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने दीप प्रज्वलति कर किया। इस मौके पर उन्होंने रिवर्स पलायन पर जोर दिया। साथ ही अपनी जड़ों से जुड़ने का अपील की। उसके बाद गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी द्वारा देवस्तुति गान से सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया गया। जिसके बाद नेगी जी ने त्रिजुगी नारायणा, यख पहाड़ों मा जड्डू ह्वे गे भारि..भाभर जयोला, लागी भटूली हो हो.., जोगटों कु जोग सलाणा स्याली सर जैसे एक से बढ़कर एक सुपरहिट लोक गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। उसके बाद लोक गायक अनिल बिष्ट ने हनुमंत बलबीरा, ऐजा ए भानुमति पाबौ बजारा, चैता कि चैत्वाल्या.. जैसे गीतों से समा बांध दिया। वहीं लोक गायिका प्रतीक्षा बमराड़ा ने भी सुंदर लोक गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार गणेश खुगशाल ‘गणी’ ने किया। इस अवसर पर महाकौथिग के मुख्य संयोजक राजेन्द्र चौहान, संस्थापक कल्पना चौहान, चेयरमैन आदित्य घिल्डियाल, अध्यक्ष हरीश असवाल, संयोजिका इंद्रा चौधरी, मीडिया प्रभारी रजनी जोशी, सत्येंद्र नेगी, नीरज रावत समेत समस्त महाकौथिग टीम उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *