रूद्रप्रयाग : पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मॉनसून ने जमकर उत्पात मचाया हुआ है। हर ओर बस पानी ही पानी दिख रहा है। प्रमुख नदियां और नाले उफान पर हैं। लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। चारधाम यात्रा तक को रोकना पड़ा। इस बीच एक वीडियो सबका ध्यान खींचे हुए है। यह वीडियो रूद्रप्रयाग का है जहां अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां मिलती हैं। यहां संगम के बाद वहां स्थित भगवान शिव की प्रतिमा ही डूब गई।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग संगम से आया ये वीडियो वाकई लोगों के आकर्षण का केंद्र बना है। बीच में भगवान शिव की मूर्ति है जो लगभग पूरी डूब चुकी है और सिर्फ केश दिखाई दे रहे हैं। वहीं चारों ओर से मंदाकिनी और अलकनंदा के संगम के बाद गंगा नदी का रौद्र रूप दिखाई दे रहा है। देखकर लगता है मानो शिव जी की जटाओं से मां गंगा निकल रही हों। उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इनमें देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर, पुरोला, जानकी चट्टी, बड़कोट और देवप्रयाग शामिल है। मौसम विभाग ने बताया कि आज उत्तराखंड में आसमान आमतौर पर साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दोपहर और शाम को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। (एजेंसी)