नई दिल्ली ,पंजाबी सिंगर करण औजला के दिल्ली में हुए धमाकेदार शो के बाद आज उनका ‘पी पॉप कल्चर इंडिया टूर 2026Ó के तहत पुणे के खराड़ी स्थित महालक्ष्मी लॉन्स में कॉन्सर्ट होने जा रहा है। लेकिन इस बहुप्रतीक्षित शो के शुरू होने से पहले ही एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। चंडीगढ़ के प्रोफेसर धरनेवर द्वारा की गई एक गंभीर शिकायत के बाद महिला एवं बाल विकास अधिकारी रोहिणी उबाले ने संबंधित पुलिस स्टेशन को सख्त आदेश जारी किए हैं। प्रशासन की ओर से पुलिस को निर्देश दिया गया है कि औजला के गानों से नाबालिगों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए पुलिस स्टेशन स्तर पर तुरंत उचित और सख्त कदम उठाए जाएं।
हथियार और ड्रग्स को बढ़ावा देने वाले गानों पर भारी आपत्ति
प्रोफेसर धरनेवर ने 25 फरवरी 2026 को पुणे के डीसीपीओ को एक विस्तृत पत्र सौंपा था। इस शिकायत में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि करण औजला के कई चर्चित गाने जैसे अढ़िया, चित्ता कुर्ता, अल्कोहल 2, फ्यू डेज, बंदूक, गैंगस्टा और एमएफ गबरू समाज में शराब, ड्रग्स और बंदूक कल्चर का खुलेआम महिमामंडन करते हैं। इसके अलावा, इन गानों में महिलाओं के प्रति असम्मान की भावना को भी दर्शाया गया है। शिकायतकर्ता ने गहरी चिंता व्यक्त की है कि यदि तीन साल से ऊपर के नाबालिग बच्चों को इस कॉन्सर्ट में प्रवेश मिलता है, तो ऐसे भड़काऊ गाने उनके मानसिक विकास पर बेहद बुरा असर डाल सकते हैं। इसके साथ ही, एमएफ गबरू गाने को लेकर पंजाब राज्य महिला आयोग में पहले से लंबित एक शिकायत का भी विशेष रूप से जिक्र किया गया है।
हाईकोर्ट के कड़े निर्देशों का दिया गया हवाला
इस पूरे मामले को और गंभीरता से उठाते हुए शिकायत में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के एक महत्वपूर्ण फैसले का भी हवाला दिया गया है। 22 जुलाई 2019 को दिए गए इस फैसले (ष्टङ्खक्क-27011/2016) में अदालत ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए थे कि समाज में शराब, नशा, हिंसा और अवैध हथियारों को बढ़ावा देने वाले किसी भी तरह के गानों पर पूरी तरह से रोक लगाई जानी चाहिए। इसी कानूनी आधार पर अब पुणे में होने वाले इस कॉन्सर्ट को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
दिल्ली के वीवीआईपी लाउंज में फैंस के बीच चले थे लात-घूंसे
पुणे कॉन्सर्ट से ठीक पहले करण औजला का दिल्ली में हुआ शो भी भारी हंगामे और मारपीट का गवाह बना था। पी पॉप कल्चर इंडिया टूर के तहत हुए इस कॉन्सर्ट के वीवीआईपी लाउंज में फैंस आपस में ही बुरी तरह भिड़ गए थे। हालात इतने बेकाबू हो गए कि वहां जमकर लात-घूंसे चले, गुत्थमगुत्था हुई और लोगों के कपड़े तक फट गए। इस हिंसक और खौफनाक मंजर को देखकर कई महिलाएं और लड़कियां डर के मारे कॉन्सर्ट बीच में ही छोड़कर भागने को मजबूर हो गईं। सोशल मीडिया पर इस पागलपन भरी लड़ाई के कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। हालांकि, इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद सिंगर करण औजला की तरफ से मंच से शांति की कोई अपील नहीं की गई और न ही इस हंगामे से शो रुका।