मानसखंड की झांकी पहुंची पौड़ी, लोगों में दिखा उत्साह

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : गणतंत्र दिवस परेड-2023 में शामिल उत्तराखंड की मानसखंड की झांकी जनपद पौड़ी मुख्यालय पहुंची। झांकी को स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने हरी झंडी दिखाकर श्रीनगर के लिए रवाना किया। झांकी को देखने के लिए स्थानीय लोगों में काफी उत्साह रहा। राज्य सरकार की ओर से उत्तराखंड की झांकी को प्रदेश स्तर पर अधिक से अधिक स्थानों में दर्शन के लिए प्रदर्शित किया जा रहा है।
गणतंत्र दिवस परेड में पूरे देश भर में उत्तराखंड की झांकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था। मानसखंड की झांकी का जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार से आगमन हुआ था। जो कोटद्वार से दुगड्डा, सतपुली, पाठीसैंण, अगरोड़ा, परसुण्डाखाल सहित अन्य स्थानों में प्रदर्शित होकर पौड़ी मुख्यालय पहुंची। विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि गणतंत्र दिवस की परेड में उत्तराखंड की झांकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है यह पूरे उत्तराखंड वासियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सभी लोगों से इस भव्य झांकी के दर्शन करने के साथ ही इसका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने को कहा। मानसखंड की झांकी को 5 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास देहरादून से मुख्यमंत्री ने हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया गया है। यह झांकी 5 अप्रैल से 18 मई तक प्रदेश के समस्त जनपदों में प्रदर्शित की जा रही है। झांकी में जागेश्वर महादेव मंदिर समूह, ऐपण कला, वन, कार्बेट नेशनल पार्क, राज्य पक्षी मोनाल, राज्य वन पशु कस्तूरी मृग, छोलिया नृत्य आदि से तैयार सुंदर झांकी दर्शायी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *