जल शक्ति ’कैच द रैन’: केंद्र की टीम करेगी निरीक्षण, तैयारियां पूरी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बुधवार देर शाम जल शक्ति ’कैच द रैन’ जल संरक्षण अभियान के अन्तर्गत श्रीनगर स्थित जल संस्थान के कार्यालय में बनाए गए जल शक्ति केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों का अवलोकन करते हुए जानकारियों, फोटाग्रॉफ्स व किए गए अन्य कार्यों को संबंधित पोर्टल में अपलोड करने की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण अभियान है, जिसके तहत जनपद में अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत 75 सरोवर (तालाब) बनाए जा रहे हैं। बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के उदेश्य से केंद्र सरकार से एक टीम निरीक्षण के लिए आ रही है, जिसे लेकर तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई है।
जिलाधिकारी डॉ. जोगदंडे ने कहा कि श्रीनगर में स्थापित जल शक्ति केन्द्र में अभियान के अन्तर्गत किये जा रहे कार्यों से सम्बधित डेटा को पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद के जल संवर्धन निकाय, पानी के स्रोतों की मैपिंग की जा रही है, जिसके साथ ही जिला जल संवर्धन प्लान बनाने के लिए सिंचाई विभाग के समन्वय से कार्यवाही की जा रही है। सभी जल स्त्रोतों की मैपिंग के बाद जिला जल संवर्धन प्लान बनाया जायेगा। कहा कि विभिन्न विभागों के सहयोग से पौधरोपण, खाल-खंतियों का निर्माण व जल संरक्षण के क्षेत्र में जन जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि जल शक्ति ’कैच द रैन’ जल संरक्षण अभियान एक वृहद अभियान है, जिसे सफल बनाने में कोई कमी नही रखी जायेगी। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *