राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्वे को पहुंची टीम का किया विरोध

Spread the love

एनएचएआइ विरोध संघर्ष समिति ने किया विरोध
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: सनेह क्षेत्र में प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्वे को पहुंची विभागीय टीम का एनएचएआई विरोध संघर्ष समिति-सनेह पट्टी ने विरोध किया है। समिति ने केंद्र सरकार पर आबादी को उजाड़कर राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण का आरोप लगाया। कहा कि आबादी में राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से कई परिवार बेघर हो जाएंगे।
केंद्र सरकार की ओर से सनेह क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण प्रस्तावित किया गया है। ऐसे में क्षेत्रवासी लगातार उक्त राष्ट्रीय राजमार्ग का विरोध कर रहे हैं। यही नहीं कुछ सप्ताह पूर्व आक्रोशित क्षेत्रवासी ने समस्या को लेकर विधानसभा अध्यक्ष का भी घेराव किया था। विधानसभा अध्यक्ष की ओर से संतोषजनक जवाब न मिलने के बाद क्षेत्रवासियों ने सर्वे को पहुंचने वाली टीमों का विरोध करने का निर्णय लिया। इसके तहत शुक्रवार सुबह जैसे ही विभागीय टीम जमीनी सर्वे को पहुंची क्षेत्रवासियों का पारा चढ़ गया। क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर टीम का विरोध किया। पार्षद अनिल रावत ने बताया कि आबादी को बेघर कर किसी भी हाल में राष्ट्रीय राजमार्ग को नहीं बनने दिया जाएगा। कहा कि नदी के किनारे सरकारी भूमि को छोड़ क्षेत्रवासियों की जमीनों पर सर्वे किया जा रहा है। सर्वे कर रही टीम ने उच्च अधिकारियों के निर्देश पर ही सर्वे कार्य करने की बात कही। जिसके बाद अब ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के उच्च अधिकारियों से मिलने का निर्णय लिया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष आशीष रावत, अनिल रावत, पूरण सिंह, सागर सिंह, अर्जुन सिंह, प्रिंस रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *