27 से 29 अक्टूबर तक होगा कीर्तिनगर में तीन दिवसीय खेल महाकुंभ

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल। विकासखंड कीर्तिनगर में ब्लाक स्तरीय खेल महाकुंभ समिति की बैठक आहुत की गई। बैठक में 27 से 29 अक्टूबर तक तीन दिवसीय खेल महाकुंभ आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए समिति ने 23 अक्टूबर तक पंजीकरण की अंतिम तिथि निर्धारित की है। मंगलवार को खेल समिति के अध्यक्ष खंड विकास अधिकारी कमलेश्वर प्रसाद सकलानी व संरक्षक ब्लाक प्रमुख सोबन सिंह पंवार की अध्यक्षता में ब्लाक मुख्यालय कीर्तिनगर में बैठक हुई। जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पुलिस, नगर पंचायत जल संस्थान आदि विभागों ने प्रतिभाग किया। बैठक में खेल महाकुंभ की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा के बाद सभी को जिम्मेदारियां सौंपी गई। निर्णय लिया गया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के जिन प्रतिभागियों ने कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए टीका नहीं लगाया है, खेल महाकुंभ में उनका भी टीकाकरण किया जाएगा। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अजयपाल सिंह असवाल ने बताया कि खेल महाकुंभ में अंडर-14, अंडर-17 व अंडर-21 के प्रतिभागियों के लिए कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, वालीबाल, बैडमिंटन आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। खेल महाकुंभ में प्रतिभाग के लिए 23 अक्टूबर तक ब्लाक, नगर पंचायत, पंचायत भवन, विद्यालय, ग्राम प्रधान आदि कार्यालयों में पंजीकरण करवाना जरूरी है। असवाल ने बताया कि अंडर-14 के लिए न्याय पंचायत स्तर पर भी 10 से 22 अक्टूबर तक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रहीं हैं। इन प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागी खेल महाकुंभ में प्रतिभाग करेंगे। इस मौके परडा. शिप्रा चौहान, गोपाल सिंह नेगी, सतीश बलूनी, गुरूप्रसाद ममगांई, रविंद्र जोशी, अमित रतूड़ी, मनोज कुमार, वीर सिंह आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *