पर्यटन की गतिविधि के संचालन का प्रयास करे पर्यटन विभाग

Spread the love

-मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में दिए निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार आर्य ने बुधवार को जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक ली। इस दौरान थलीसैंण में पर्यटन गृह आवास, खिर्सू बासा होमस्टे द्वितीय, सतपुली फिशरी सेंटर के संचालन व साहसिक खेल उपकरणों को किराये में दिये जाने पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया कि कुछ स्थानों पर पर्यटन विभाग स्वयं भी पर्यटन की विभिन्न गतिविधियों का संचालन करने की क्षमता का विकास करे।
बुधवार को एनआईसी कक्ष में वर्चुअल माध्मय से आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों व होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों से पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को बेहतर रूप से संचालित करने पर सुझाव लिए। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि पर्यटन गृह आवास, होमस्टे व सतपुली में फिशरी सेंटर को स्थानीय लोगों के माध्यम से संचालित करें। जिससे वह अन्य स्थानीय लोगों को भी रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। कहा कि पर्यटन की गतिविधि के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए लोगों को अधिक से अधिक पर्यटन से जोड़ें। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि साहसिक खेल उपकरणों का साप्ताहिक तथा मासिक पैकेज बनाकर निर्धारित मूल्य पर किराये पर दिया जाए। इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, डीएफओ मुकेश कुमार, मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा सहित होटल एसोसिएशन स्वार्गाश्रम, लक्ष्मणझूला, पौड़ी के अध्यक्ष शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *