अव्यवस्थाओं पर व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने जताया रोष

Spread the love

समस्याओं के निराकरण को जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। बस स्टेशन में नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने व सुलभ शौचालय पर कई माह से ताले लटके होने पर नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने रोष व्यक्त किया है। प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं के निकराण को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है। कहा कि यदि जल्द इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो प्रतिनिधिमंडल स्थानीय जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगा।
सोमवार को नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष हेमेंद्र नेगी, कोषाध्यक्ष कुलदीप गुसाई के नेतृत्व में व्यापारियों ने डीएम डा. विजय कुमार जोगदंडे से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों का कहना था कि पिछले लंबे समय से बस स्टेशन के समीप कोटद्वार-देवप्रयाग मोड़ से नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे आमजन को पैदल चलने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि इससे संक्रमण बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है। इस दौरान व्यापारियों ने डीएम को बताया कि बस स्टेशन में बने सार्वजनिक शौचालय में एक महीने से ताले लटके हुए हैं, जिससे महिलाओं के साथ ही पुरुषों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने डीएम से जल्द ही इन समस्याओं को हल करने की मांग उठाई है। व्यापारियों ने कहा कि जल्द ही इन समस्याओं का हल नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। सांसद प्रतिनिधि धर्मवीर सिंह रावत ने भी बस स्टेशन के समीप कोटद्वार-माल रोड तिराहे पर नाली का गंदा पानी सड़कों मे बहने पर खासी नाराजगी जताई है। कहा कि यहां लंबे समय से यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन अवगत कराने के बाद भी जनहित से जुड़ी समस्या को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने समस्या से निजात दिलाने की मांग डीएम से की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *