ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी नजर आई, नियंत्रित करने में पुलिस के छूटे पसीने

Spread the love

ऋषिकेश()। वीकेंड पर रविवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब आदि जगहों से उमड़ी पर्यटकों की भीड़ से ऋषिकेश से मुनिकीरेती तक फिर ट्रैफिक बेपटरी हो गया। सुबह से शुरू हुआ जाम का सिलसिला देर शाम करीब छह बजे तक बना रहा। वाहनों का दबाव बढ़ने से सड़कों पर जाम लगने से जहां वाहन फंसे रहे। वहीं पैदल राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। ट्रैफिक को नियंत्रित करने में पुलिस को भी पसीने बहाने पड़े। दरअसल, रविवार को दिल्ली, एनसीआर, यूपी, हरियाणा और आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक ऋषिकेश पहुंचे। इसके चलते सड़कों पर वाहनों का जबरदस्त दबाव बढ़ गया। इसके चलते सुबह करीब आठ बजे से हरिद्वार बाईपास मार्ग पर इंद्रमणि बडोनी चौक और शहर में जयराम चौक से चंद्रभागा तिराहे तक सुबह से लेकर शाम तक ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी नजर आई। शहर में मुख्य मार्ग पर कभी स्लो ट्रैफिक, तो कभी जाम ने वाहन सवारों को खासा परेशान किया। वाहनों का दबाव अत्याधिक होते ही सवारी वाहनों ने इससे बचने के लिए आंतरिक मार्गों का रुख किया, जिससे यहां स्थानीय लोगों की भी आवागमन में दुश्वारियां बढ़ गई। शाम को स्थिति यह हुई कि घाट चौक के आसपास लोगों को पैदल चलने के लिए भी ठीक से जगह नहीं मिल सकी। वहीं, नगर क्षेत्र की भीड़भाड़ से बचते हुए पहाड़ी क्षेत्रों का रुख करने वाले पर्यटकों को हरिद्वार बाईपास मार्ग पर इंद्रमणि बडोनी चौक पर भी जाम से जूझना पड़ा। मुनिकीरेती में भी हांफा ट्रैफिक -जाम की समस्या से सिर्फ ऋषिकेश ही नहीं जूझा, पड़ोसी टिहरी जिले के मुनिकीरेती भी इससे प्रभावित नजर आया। यहां मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से वाहन को तपोवन तक पहुंचने में महज पांच मिनट की बजाय करीब आधा घंटा लग गया। किसी तरह से वह तपोवन तक पहुंचे, तो बदरीनाथ हाईवे पर पर्यटक वाहनों की भीड़ में दिनभर ट्रैफिक व्यवस्था चरमराती हुई नजर आई। राहत के लिए चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात दिखे, लेकिन वह भी वाहनों की भारी भीड़ के चलते यातायात को सुचारू रखने में बेबस ही दिखे। अतिक्रमण बढ़ा रहा मुसीबत नगर क्षेत्र में मुख्य मार्ग से लेकर आंतरिक मार्गों पर अतिक्रमण भी मुसीबत बढ़ा रहा है। इससे जगह-जगह पर ट्रैफिक फंस रहा है। फुटपाथ पर अस्थायी अतिक्रमण की वजह से लोगों को मजबूरन पक्की सड़क पर चलना पड़ रहा है। लोगों के सड़क पर चलने से न सिर्फ ट्रैफिक स्लो हो रहा है, बल्कि लोगों की जान को भी खतरा बना हुआ है। दून मार्ग, तिलक रोड, रेलवे रोड, घाट रोड और यात्रा बस अड्डा रोड पर अतिक्रमण आम है। जबकि, यहां बेतरतीब वाहन भी नई समस्या बनकर उभर रहे हैं।
कोट –
नगर क्षेत्र में ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए पुलिस पूरे प्रयास कर रही है। कुछ स्थानों पर सड़कें काफी संकरी है, जिससे वाहनों का दबाव बढ़ते ही समस्या पैदा होती है। बावजूद, पुलिसकर्मी ट्रैफिक सुचारु रखने के लिए भरसक कोशिशें कर रहे हैं। -प्रदीप कुमार, निरीक्षक, यातायात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *