मौसम की करवट ने बढ़ाई ठिठुरन

Spread the love

अल्मोड़ा। जिले में गुरुवार को मौसम ने करवट बदल ली। सुबह से ही आसमान घने बादलों से पटा रहा। दिन में बारिश की बौछारों ने ठिठुरन बढ़ा दी। घने बादलों और रिमझिम बारिश के चलते लोग घरों के अंदर दुबके रहे। तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। कई स्थानों पर पारा शून्य के पास पहुंच गया है।
दरअसल, नए साल के दूसरे पखवाड़ में भी मौसम हर दिन करवट बदल रहा है। कभी धूप तो कभी आसमान में बादल डेरा जमा रहे हैं। रोजाना मौसम का मिजाज बदलने का विपरीत असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। लोग सर्दी, जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे है। इधर, गुरुवार को भी मौसम तल्ख तेवर में नजर आया। सुबह से ही आसमान घने बादलों से पटा रहा। वहीं, दिन में बारिश की बौछारों ने ठिठुरन बढ़ा दी है। बारिश और बादल छाने से लोग घरों के अंदर ही दुबके रहे। ठंड से बचने के लिए लोग हीटर और अलाव का सहारा लेते हुए दिखाई दिए। मौसम खराब होने का असर बाजार में भी देखने को मिला। जिस वजह से अन्य दिनों की अपेक्षा बाजार में भीड़ कम देखने को मिली।
बिनसर में माइनस दो डिग्री पहुंचा तापमान
मौसम के तल्ख तेवरों के चलते तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली। अल्मोड़ा के बिनसर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान माइनस दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जिला मुख्यालय में अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रिकर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *