जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सरकार की ओर से विद्यालयों के लिए जारी की गई नई समय सारिणी का राजकीय शिक्षक संघ की जिला व मंडल कार्यकारिणी ने विरोध किया है। कहा कि नई समय सारिणी मैदान के हिसाब से ठीक है। लेकिन, पहाड़ की भौगोलिक स्थिति के लिए यह ठीक नहीं है। ऐसे में सरकार को पुरानी समय सारिणी को ही लागू करना चाहिए।
इस संबंध में संघ ने शासन-प्रशासन को पत्र भेजा।राजकीय शिक्षा संघ के जिलाध्यक्ष भवान सिंह नेगी, जिला मंत्री बिजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदार सहित अन्य जंगली जानवरों की धमक बनी रहती है। ऐसे में सुबह के समय दूरस्थ क्षेत्रों में विद्यालय पहुंचना एक चुनौती बन सकती है। शिक्षकों के साथ ही बच्चों को भी जान-माल का खतरा बना रहेगा। मंडलीय अध्यक्ष जयदीप रावत व मंत्री मनमोहन चौहान ने कहा कि नवीन समय सारिणी मैदानी क्षेत्रों के लिए तो ठीक है। लेकिन, पहाड़ी क्षेत्रों के लिए ठीक नहीं है। वर्तमान में पलायन के कारण गांव खाली हो चुके हैं। सूने रास्तों पर गुलदार सहित अन्य जंगली जानवरों का डर बना रहता है। कहा कि सरकार को जन सुरक्षा को देखते हुए नियमों में बदलाव करना चाहिए।