पंत विवि को केंद्रीय विवि बनाने के विरोध में कुलपति एंव प्रदेश सरकार का पुतला फूंका

Spread the love

रुद्रपुर। पंतनगर गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय को केंद्रीय विवि का दर्जा देने संबंधी प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। मंजूरी मिलते ही कई जगह इसका विरोध भी सामने आया है। सामाजिक और सांस्कृतिक संस्था उत्तरांचल संगम ने शहीद चौक पर कुलपति एवं प्रदेश सरकार का पुतला फूंक कर विरोध दर्ज किया। सोमवार को वक्ताओं ने कहा पंत विवि को केंद्रीय विवि का दर्जा दिए जाने से प्रदेश के छात्रों का प्रवेश में कोटा कम कर दिया जाएगा। जिससे सुदूर पहाड़ के छात्र उच्च शिक्षा से वंचित रह जायेंगे और बेरोजगारी बढ़ेगी। युवाओं का उत्तराखंड से पलायन और बढ़ जायेगा। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। प्रदेश की सांस्कृतिक संस्थाएं क्षेत्रीय दलों के साथ मिलकर इसका पुरजोर विरोध करेंगी। यहां उत्तरांचल संगम के संरक्षक दान सिंह नयाल, उत्तराखंड क्रांतिदल के आनंद सिंह असगोला, विक्रम माहोड़ी, चंद्रशेखर बचखेती, कुंदन सिंह रावत, बहादुर सिंह नेगी, कमल कर्नाटक, राहुल तिवारी, जगत सिंह, उत्तराखंड आंदोलनकारी हरीश पाठक, विक्की पाठक, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, भुवन पांडे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *