जलस्तर कम होते ही खनन के लिए होगा सीमांकन : एसडीएम

Spread the love

चम्पावत। शारदा नदी का जलस्तर कम होने के बाद करीब 15 दिन के भीतर वन विभाग और वन निगम खनन के लिए डाउनस्ट्रीम में सीमांकन करेगा। टनकपुर तहसील में हुई बैठक में एसडीएम ने कहा कि इससे पूर्व अन्य सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। खनन कारोबारियों ने बैठक के दौरान अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।एसडीएम हिमांशु कफल्टिया की अध्यक्षता में हुई खनन से संबंधित बैठक में वन विभाग और वन निगम के अधिकारी मौजूद रहे। यहां एसडीएम ने बताया कि फिलहाल शारदा में जल स्तर काफी ज्यादा है, जिस कारण सीमांकन नहीं हो पाएगा। उन्होंने कहा कि करीब 15 दिन के भीतर पानी कम हो जाएगा, जिसके बाद खनन की कार्यवाई शुरू की जाएगी। शक्तिमान यूनियन अध्यक्ष आनंद सिंह महर ने बताया कि खनन कारोबारियों से प्रति चक्कर 130 रुपये मार्ग सुधारीकरण के नाम पर वसूला जाता है, लेकिन वाहनों के संचालन के लिए मार्ग कभी भी सुधारा नहीं जाता। कहा कि वह लोग इस पर ऐतराज जता रहे हैं और शुल्क नहीं देने का मन बना चुके हैं। वहीं क्रशर संचालकों ने भी मानकों के अनुसार माल खरीदने की बात कही। बैठक में सीओ अविनाश वर्मा, प्रभारी तहसीलदार पिंकी आर्या, खान अधिकारी दिनेश कुमार, वन विभाग के दरोगा महेश सिंह अधिकारी, देव कलौनी, अशोक मुरारी आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *