नैनीसैनी की महिलाओं ने प्रदर्शन कर बार बंद करने की उठाई मांग

Spread the love

पिथौरागढ़। नैनीसैनी खांकर में बियर बार का लाईसेंस निरस्त करने को महिलाएं सड़क पर उतर आई हैं। महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र में बार खुलने से अराजकता का माहौल पैदा हो गया है। दिनभर शराब के नशे में लोग आवाजाही कर रहे हैं। इससे महिलाओं और स्कूली पढ़ने वाली लड़कियों के लिए आवाजाही करना मुश्किल हो गया है। सोमवार को नैनीसैनी की महिलाएं और पुरुष नगर के टकाना स्थित कलक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा कि बीते कुछ समय से खांकर क्षेत्र में बियर बार का संचालन किया जा रहा है। इससे आसपास रहने वाले ग्रामीणों को खासी दिक्कत उठानी पड़ रही है। बार खुलने से क्षेत्र में अराजकता बढ़ने लगी है। इससे महिलाएं डरी हुई हैं। दिन में भी महिलाओं के लिए क्षेत्र में आवाजाही करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में कोई अनहोनी न हो,इसके लिए उक्त बार का बंद होना बेहद जरूरी है। बाद में आक्रोशित महिलाओं ने डीएम को भी ज्ञापन दिया। उन्होंने डीएम से बार का लाईसेंस बंद करने की मांग की है। यहां कौशल्या देवी, कलावती, कमला देवी, अंजू, हेमंती देवी, सावित्री देवी, निर्मला देवी, हेमा देवी, भावना देवी, अनीता देवी, मीना देवी, रेखा देवी, ज्योति देवी, गोविंद सिंह, नीरज सिंह, शुभम, नीरज महर, लक्ष्मन सिंह, पुष्कर सिंह, विक्रम सिंह, नवल सिंह, गौरव सिंह, संदीप आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *