नींद से जागा निगम, पनियाली गदेरे की सफाई का कार्य शुरु

Spread the love

नगर निगम ने जेसीबी मशीन से शुरु की पनियाली गदेरे की सफाई
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : देर से ही सही लेकिन, नगर निगम को पनियाली गदेरे के सफाई की याद आ ही गई। मंगलवार को नगर निगम ने जेसीबी की मदद से गदेरे में लगे गंदगी के ढेर को साफ करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का कार्य किया। निगम ने गदेरे के मध्य हिस्से को भी गहरा किया। इससे गदेरे का पानी आबादी की ओर आने के बजाय सीधे खोह नदी में जाएगा।
बरसात के मौसम में पनियाली गदेरा आसपास के लोगों के लिए चुनौती बन जाता है। हर वर्ष लोगों को इससे जान-माल का नुकसान होता है। ऐसे में मंगलवार को नगर निगम ने आमपड़ाव-मानपुर के मध्य जेसीबी की मदद से गदेरे में कूड़े के पहाड़ों को हटाते हुए नाले को ढलान देने के साथ ही इसे गहराई देने का कार्य किया। उम्मीद जताई जा रही है कि गदेरे की सफाई होने के बाद बरसात का पानी सीधे खोह नदी में समा जाएगा। दरअसल, गदेरे में चैनेलाइजेशन व सफाई नहीं होने के कारण पानी आबादी की ओर अपना रूख कर लेता था। हालांकि, कई लोग निगम की देर से की गई कार्रवाई पर रोष भी व्यक्त कर रहे थे। लोगों का कहना है कि वर्षा काल से पूर्व पनियाली गदेरे की सफाई की जानी चाहिए थी। लेकिन, नगर निगम को वर्षाकाल में गदेरे की सुध आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *