रांसी के राकेश्वरी मंदिर से लाखों की चोरी

Spread the love

रुद्रप्रयाग(आरएनएस)। ऊखीमठ ब्लक स्थित रांसी के प्रसिद्घ राकेश्वरी मंदिर से बीती रात चोरों ने मंदिर से बड़ी मात्रा में सामान चोरी कर दिया। गर्भ गृह से सोने की नथ एवं 10 मूर्तियों के साथ कई अन्य सामग्री चुरा ली है। घटना से क्षेत्रीय लोगों में रोष है। मंदिर समिति द्वारा तहसील प्रशासन को तहरीर दी गई जिसके बाद मुकदमे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। सूचना मिलने के बाद राजस्व एवं रेगुलर पुलिस की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। जानकारी के अनुसार बीती रात रांसी मंदिर में चोरी की किसी को भी कानोकान खबर नहीं हुई। सुबह जब मंदिर के पुजारी मंदिर में पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। जिसके बाद लोग मंदिर में इकट्टा होने लगे। राकेश्वरी मंदिर समिति के अध्यक्ष जगत सिंह पंवार ने बताया कि राजस्व क्षेत्र होने के कारण तहसील प्रशासन को तहरीर दर्ज कराई गई। जिसमें उन्होंने बताया कि बीती रात मंदिर में चोरों ने मंदिर से बड़ी मात्रा में आभूषण चोरी कर लिए। उन्होंने बताया कि मंदिर गर्भ गृह से एक सोने की नथ व 10 चांदी की मूर्तियां, दो चांदी के मुकुट, चांदी की चार माला, चांदी के दो बड़े छत्र, चांदी के चार छोटे छत्तर, चांदी का एक हार एवं चांदी के दो दीपक चोरी कर लिए गए। इस मामले में समिति के अध्यक्ष सहित ग्रामीणों ने तहसील ऊखीमठ को तहरीर दी है जबकि थाने को भी सूचित किया है। उन्होंने सरकार से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। इधर, ग्रामीणों की तहरीर के बाद एसओ सुरेश चंद्र बलूनी एवं राजस्व उप निरीक्षक मौके के लिए रवाना हो गए हैं। राजस्व पुलिस क्षेत्र में मुकदमा लिखने की कार्रवाई की जा रही थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *