देहरादून। छत पर कपड़े सूखाने गई महिला के घर में दिन दहाड़े चोरी हो गई। घर के प्रवेश गेट की कुंडी लगी थी। चोरों ने उसे खोलकर वारदात को अंजाम दिया। बीते 20 जनवरी को हुई घटना में पीड़ित को लंबे चक्कर कटाने के बाद बुधवार को शहर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है। नेताजी मोहल्ला निवासी सुशील कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोरी की यह घटना बीते 20 जनवरी की दोपहर को हुई। उस वक्त उनकी पत्नी सपना गुप्ता घर पर अकेली थीं। दोपहर करीब दो बजे वह नीचे के दरवाजे पर कुंडा लगाकर छत पर कपड़े सुखाने चली गईं। करीब आधे घंटे बाद नीचे आईं, तो कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ था। सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। चोर सोने की तीन अंगूठी, चांदी की तीन जोड़ी पायल, करीब 30 सिक्के, एक जोड़ी डामंड टाप्स और 2100 रुपये नगदी चुराकर ले गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। जिसके बाद चीता पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आस-पास के इलाके में छानबीन की। उस वक्त कोई संदिग्ध हाथ नहीं लगा। तब पीड़ित को झांसा दिया कि जल्द खुलासा कर दिया गया। लंबे समय तक कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित पुलिस अफसरों तक पहुंचे। एसपी सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि बुधवार को पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।