जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विकासखंड कल्जीखाल के खंड विकास अधिकारी गंगा प्रसाद लखेड़ा बुधवार को ग्राम गुंड पहुंचे। जहां उन्होंने असहाय निराश्रित वृद्धा कुमाली देवी की सुध ली।
ज्ञात हो कि कुमाली देवी 80 वर्षीय वृद्ध असहाय निराश्रित महिला एक टूटी हुई झोपड़ी पर अकेली जीवन यापन करती है। उसका इस संसार में कोई नहीं है। दुर्भाग्य से उसका आधार कार्ड और राशन कार्ड तक नहीं बन पाया यह प्रकरण जब दैनिक जयन्त में प्रकाशित किया था तो सरकारी तंत्र जागा और प्रशासन ने संज्ञान लिया था और खंड विकास अधिकारी कल्जीखाल गंगा प्रसाद लखेड़ा ने वृद्धा कुमाली देवी की छत त्रिपाल से ढकी और कहा था कि वह जब तक कल्जीखाल ब्लॉक में कार्यरत रहेंगे वृद्ध महिला की खाद्यान्न सामग्री की व्यवस्था स्वयं अपने निजी स्तर से करते रहेंगे। बुधवार को खंड विकास अधिकारी गंगा प्रसाद लखेड़ा वृद्धा के लिए खाद्यान्न और गरम कपड़े आदि लेकर उसके घर पहुंचे। खाद्यान्न सामग्री देखकर वृद्धा कुमाली देवी के चेहरे पर एक बार मुस्कान लौट आई।