विकासनगर। आधार सेंटरों पर आधार अपडेट के साथ आधार बनाने के लिए मारामारी चल रही है। पछुवादून में आधार केंद्रों की सीमित संख्या होने के कारण लोग ठंड में भी सुबह ही आधार सेंटरों के बाहर लाइन लगाने के लिए कतार लगाना शुरू कर दे रहे हैं। आधार सेंटरों में सीमित संख्या में आधार अपडेट और बनने के कारण कई लोगों को मायूस लौटना पड़ रहा है। कई सेंटरों पर तो दो-दो हफ्ते की वेटिंग चल रही है। दरअसल, वर्तमान में राशन कार्डों की केवाईसी के साथ एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही स्कूलों में भी एग्जाम फार्म आदि भरे जा रहे हैं। इनके लिए आधार अनिवार्य किया गया है। इसके कारण वर्तमान में आधार सेंटरों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। पछुवादून में आधार कार्डों की संख्या सीमित है। एक दिन में आधार सेंटरों पर सीमित संख्या में आधार अपडेट और आधार बनाए जाते हैं। कई एक दिन में कहीं 40 तो कहीं 50 ही आधार अपडेट और बनाए जा रहे हैं। लोग सुबह पांच बजे से ही आधार सेंटरों पर लाइन लगाकर खड़े हो जा रहे हैं। भीड अधिक होने के कारण कई लोगों को बैरंग लौटना पड़ रहा है। विकासनगर में आधार सेंटरों पर दो-दो हफ्तों की वेटिंग चल रही है। विकासनगर में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बने आधार सेंटर में आए लोगों ने बताया कि वे कई दिन से आधार सेंटर के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनका नंबर नहीं आया। रोज वह इस आस से आते हैं, कि शायद उनका आधार कार्ड बन जाएगा, लेकिन हफ्तेभर बाद भी उनका नंबर नहीं आया है। वहीं, कालसी में आधार कार्ड अपडेट करने के लिए लोग सुबह पांच बजे से लाइन में लग जा रहे हैं। ठंड अधिक होने पर कुछ लोगों ने अलाव जलाकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। यहां आधार सेंटर में एक दिन में 40 लोगों का ही रजिस्ट्रेशन किया जाता है। बाकी जो लोग लेट पहुंचे हैं उनका आधार कार्ड अपडेट से संबंधित कार्य नहीं किए जाते। इससे उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ता है। इस संबंध में एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार ने बताया कि आधार सेंटरों में भीड़ अधिक है। प्रयास किए जा रहे हैं, कुछ अन्य सेंटर भी खोले जाए। जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।