भारी पड़ रहा कोटद्वार-दुगड्डा के बीच का सफर, हादसों का अंदेशा

Spread the love

राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह गिर रहे मलबा व बोल्डर से बना है खतरा
जयन्त प्रतिनिधि:
कोटद्वार। नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य का सफर वाहन चालकों के लिए भारी पड़ रहा है। 15 किलोमीटर के इस सफर के दौरान वाहन चालकों के साथ ही सवारियों की सांसें अटकी रहती है। पहाड़ी से गिरने वाला मलबा व बोल्डर कब किसकी जिंदगी पर भारी पड़ जाएं कुछ कहा नहीं जा सकता।
सात जनवरी को हुई बारिश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार मलबा व बोल्डर गिर रहा है। जगह-जगह सड़क पर पड़ा मलबा व बोल्डर वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य 15 किलोमीटर के सफर में दस से अधिक डेंजर जोन बने हुए हैं। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों के बीच वाहन चालकों को सड़क खोजनी पड़ रही है। ऐसे में हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है। कोटद्वार निवासी मयंक कुमार ने बताया कि राजमार्ग विभाग की ओर से कुछ माह पूर्व ही राष्ट्रीय रजामार्ग विभाग का डामरीकरण करवाया गया था, लेकिन यह डामर कुछ दिन पूर्व हुई हल्की बारिश भी नहीं झेल पाया। गड्ढों की चपेट में आने से आए दिन दोपहिया वाहन चालक घायल हो रहे हैं।

मलबे में फँसा ट्रक, लगा रहा जाम
कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य कोटद्वार से आठ किलोमीटर आगे चट्टान से अब भी मलबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिर रहा है। ऐसे में गुरुवार सुबह कोटद्वार से दुगड्डा की ओर जा रहा एक ट्रक मलबे में फंस गया था। मौके पर मौजूद एनएच विभाग की जेसीबी से ट्रक को निकाला गया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। उक्त स्थान पर वाहन चालकों को हर समय खतरा बना हुआ है।
x

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *