नई दिल्ली ,आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कई बातों का जिक्र किया। उन्होंने दिल्ली की सातों लोकसभा सीट जिताने के लिए यहां की जनता को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि यह जीत साधारण नहीं है, दिल्ली की जनता का योगदान अमूल्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विजय सिर्फ विकास कार्यों की विजय है, जो देशहित में लगातार देशवासियों की सेवा करते रहते हैं। अनेकों कार्यक्रम और योजनाओं से मोदी सरकार ने विकास कार्य किया है। हमारा विकसित भारत बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि एक बालक बुद्धि नेता को समझ नहीं आ रहा है कि तीसरी बार उनकी 100 से कम सीटें रहीं और 13 राज्यों में उनका खाता तक नहीं खुला। दक्षिण भारत में अगर कोई सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है तो वह भाजपा है। कांग्रेस सिर्फ परजीवी पार्टी बनकर रह गई है और बैसाखी के बगैर वह किसी भी राज्य में चुनाव जीत नहीं सकती है। दिल्ली में तो कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने मिलकर चुनाव लड़ा, इसके बावजूद भाजपा को 54 फीसद वोट मिला। दिल्लीवासियों ने साबित कर दिया कि वे पीएम मोदी की नीतियों के साथ खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के तीसरे कार्यकाल में तीन गुना ऊर्जा के साथ हम आगे काम करेंगे और यह देश तीन गुना आगे बढ़ेगा। व्यापार को आगे बढ़ाने में हम काम करेंगे। हमारी सरकार गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के लिए आगे भी काम करती रहेगी। देश को गरीबी से मुक्ति दिलाना है। नारी सम्मान को लेकर मोदी सरकार सदैव समर्पित भाव से काम कर रही है। हमने तीन करोड़ लखपति दीदी बनने का संकल्प भी लिया है। 11 करोड़ घरों में मुफ्त में शौचालय बनाकर जीवन जीने के तरीके में हमारी सरकार ने बदलाव लाया है। पीएम मोदी ने हर घर में पाइप से गैस पहुंचाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने बताया कि साल 2014 में 3 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचता था, जो अब 16 करोड़ हो गया है। 2014 से काम को एक नई गति मिली है। मेक इन इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित कई अन्य योजनाओं के साथ मोदी सरकार ने देश के विकास में लगातार अपना योगदान दिया है। देश की अर्थव्यवस्था को 10 वर्षों में 11वीं से 5वीं बनाने का काम मोदी सरकार ने किया है। यह सफर आसान नहीं रहा है, कोरोना की मार को देश ने झेला है।