जगह-जगह खड़े भारी वाहनों से हादसों का अंदेशा

Spread the love

शिकायत के बाद भी जिम्मेदार सिस्टम नहीं दे रहा ध्यान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में पार्किंग नहीं होने का दंश आम जन को भारी पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही मुख्य मार्गों पर खड़े इन वाहनों के कारण हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। पूर्व में हुए हादसों के बाद भी सरकारी सिस्टम समस्या को लेकर लापरवाह बना हुआ है।
गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में पार्किंग की समस्या विकराल होती जा रही है। लाख आश्वासन के बाद भी सरकारी सिस्टम पार्किंग व्यवस्था नहीं बना पा रहा है। पार्किंग के अभाव में भारी वाहनों ने सड़क पर ही कब्जा करना शुरू कर दिया है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी पैदल चलने वालों को होती है। सड़क पर खड़े वाहनों के कारण राहगीरों को बीच सड़क से होकर चलना पड़ता है। ऐसे में हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। कुछ माह पूर्व कौड़िया में एक स्कूटी सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई थी। जिसमें दोपहिया वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय निवासी रजत कुमार, मोहन सिंह ने बताया कि रात के अंधेरे में सड़क किनारे खड़े भारी वाहन दिखाई नहीं देते। जिसके कारण हादसे हो रहे हैं। शिकायत के बाद भी सिस्टम धरातल पर झांकने तक को तैयार नहीं है।

इन स्थानों पर बनी है समस्या
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सबसे अधिक समस्या कौड़िया से नजीबाबाद चौक, देवी रोड, सिताबपुर-मानपुर रोड, बीईएल-मोटाढाक रोड में बनी हुई है। इन स्थानों पर चालक अपने वाहनों सड़क पर खड़ा कर गायब हो जाते हैं। चालकों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय पुलिस का पूरा ध्यान केवल दोपहिया वाहन चालकों को नियमों का पालन करवाने पर ही होता है। जबकि, सड़क पर खड़े वाहन शहर की यातायात व्यवस्था में सबसे अधिक बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। देवी रोड में कई बार जाम की स्थिति बनी रहती है।
—————–
शहर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। वाहनों की पार्किंग के लिए भी स्थान चिह्रित किया जा रहा है। जल्द ही समस्या का निराकरण हो जाएगा.. शैलेंद्र सिंह रावत, महापौर, नगर निगम कोटद्वार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *