कोटद्वार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बोली कांग्रेस प्रदेश प्रभारी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस मजबूती के साथ खड़ी हो रही है। यह कहना गलत है कि कांग्रेस में गुटबाजी है। कांग्रेस से ज्यादा गुटबाजी तो भारतीय जनता पार्टी के भीतर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। कहा कि भाजपा के राज में उत्तराखंड की जनता परेशान हो चुकी है। ऐसे में अब जनता प्रदेश में बदलाव चाहती है। जनता कांग्रेस को एक बार फिर सत्ता में लाना चाह रही है।
शुक्रवार को निंबूचौड़ में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता कुमारी शैलजा ने कहा कि सत्ता में आने से पूर्व बेहतर विकास का वादा करने वाली भाजपा सत्ता में बैठकर जनता का शोषण कर रही है। उत्तराखंड की जनता शिक्षा, रोजगार जैसे मुद्दों के लिए संघर्ष कर रही है। परेशान जनता कांग्रेस से ही न्याय की उम्मीद कर रही है। कहा कि कांग्रेस सदैव जनता के साथ खड़ी रहती है। जनता के हर मुद्दें को गंभीरता से उठाया जाता है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस को घर-घर जाकर संगठन से लोगों को जोड़ने का कार्य करना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से एक जुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। कहा कि भाजपा अभी से अपनी हार को भांप चुकी है। जनता को भाजपा के कुशासन से छुटकारा दिलाने के लिए कांग्रेस को एकजुट होना होगा। इस मौके पर प्रदेश के सहप्रभारी सुरेश शर्मा, मनोज यादव, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रामरतन सिंह नेगी, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, जिलाध्यक्ष विकास नेगी, महानगर अध्यक्ष मीना बछुवाण, विजय सारस्वत, पूर्व महापौर हेमलता नेगी, सरोजनी कैंत्यूरा, रूचि कैंत्यूरा, गीता नेगी, रंजना रावत, राजेसिंह आर्य, गीता सिंह, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, संजय मित्तल, रूपेंद्र नेगी, अमित राज सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकत्र्ता मौजूद रहे।