उत्तरकाशी()। जनपद के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित हर्षिल और खरसाली क्षेत्र में बर्फबारी जारी है। भारी बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे पर स्थित सुक्की टॉप में आवाजाही बंद हो गई है। बीआरओ के अनुसार बर्फबारी रुकने के बाद मार्ग को खोलने का प्रयास किया जाएगा। दूसरी ओर निचले इलाकों में दिन भर तेज बारिश होने से नालूपानी के समीप बोल्डर आने के कारण गंगोत्री हाईवे करीब आधे घंटे बंद रहा। बीआरओ ने बोल्डर हटाकर आवाजाही शुरू करवाई। शुक्रवार सुबह से ही गंगोत्री, यमुनोत्री धाम सहित हर्षिल, खरसाली और मोरी के ऊंचाई वाले गांवों में बर्फबारी जारी है। गंगोत्री यमुनोत्री धाम में करीब आधा फीट से अधिक बर्फ गिरने पानी जम गया है और पेयजल की समस्या खड़ी हो गई है। दूसरी ओर हर्षिल क्षेत्र में बर्फबारी होने से आठ गांव में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सुक्की टॉप से आगे अधिक बर्फ होने से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। इस कारण घाटी के सात गांव सहित गंगोत्री धाम और अंतरराष्ट्रीय सीमा का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है। स्थानीय निवासी सरत मार्तोलिया ने बताया कि बीते बृहस्पतिवार देर रात्री से मुखबा गांव में विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। इस कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी के कारण क्षेत्र में दुश्वारियां बढ़ गई हैं। दूसरी ओर शुक्रवार पूरे दिन जनपद मुख्यालय सहित निचले इलाकों में बारिश जारी रही। इस कारण नालूपानी के समीप पहाड़ी से बोल्डर आने के कारण गंगोत्री हाईवे पर आवाजाही करीब आधे घंटे बंद रही। बीआरओ ने बोल्डर हटाकर आवाजाही शुरू करवाई।