चमोली(। रविवार को श्रीगुरु रामराय पब्लिक स्कूल कर्णप्रयाग ने अपने स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर वार्षिकोत्सव, रजत जयंती महोत्सव एवं पूर्व छात्र मिलन समारोह धूमधाम से मनाया। इस दौरान सत्र 2024-25 सीबीएसई 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं आंचल नेगी, तन्वी रौतेला, सूर्यांश कठैत तथा कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर जतिन कैलखुरा, आरोही नवानी, ऋत्विक रावत को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने छात्र छात्राओं को परिश्रम करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि परिश्रम को कोई विकल्प नहीं है। इसलिए प्रत्येक छात्र छात्रा मन लगाकर पढ़ाई करें। उन्होंने नशे से दूर रहने, यातायात के नियमों का पालन करने को कहा। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश एवं एसडीएम सोहन सिंह रांगड़ ने छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया तथा विद्यालय संस्थापक महंत देवेंद्रदास महाराज द्वारा चमोली और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। बच्चों ने सरस्वती वंदना, श्रीराम स्तुति, वेलकम डांस, प्यारी मां, ओ माई फ्रेंड गणेशा, छोटी छोटी तमाशा, मोबाइल एडिक्शन डांस, मोटीवेशनल थीम डांस, पंजाबी रिमिक्स डांस, रूमा बिजुली गढ़वाली मेशप, चाइल्ड लेबर थीम डांस, महाभारत थीम, राजस्थानी मेशप, वीमेन इम्पावरमेंट, गुजराती डांस, नाटी डांस, गढ़वाली रिमिक्स, सेमी क्लासिकल, नंदा देवी डोली प्रदर्शन एवं गायन आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के 300 से अधिक पूर्व विद्यार्थी सम्मिलित हुए। विद्यालय के प्रधानाचार्य बुद्धिबल्लभ डोभाल ने कहा कि वर्ष 2001 में विद्यालय 117 विद्यार्थियों के साथ टीन सेट से शुरू हुआ। विद्यालय में आज 700 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस मौके पर अभिभावक संघ के अध्यक्ष नवीन नवानी, सुमन कैलखुरा, सुरेंद्र जोशी, राजेश्वर भट्ट, जितेंद्र सिंह, गंभीर सिंह, पंकज तोमर, सुनील रावत आदि थे।