बदरीनाथ हाईवे पर पीपलकोटी बाजार में नहीं है एक भी सार्वजनिक शौचालय

Spread the love

चमोली। बदरीनाथ हाईवे पर स्थित पीपलकोटी बाजार में सार्वजनिक शौचालयों का अभाव है। सात साल पहले नगर पंचायत का गठन होने के बाद भी लोगों को शौचालय की सुविधा नहीं मिल पाई है। चारधाम यात्रा मार्ग होने के चलते राहगीरों, व्यापारियों के साथ ही यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर पंचायत पीपलकोटी में ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत बदरीनाथ हाईवे का चौड़ीकरण कार्य किया गया। यहां हिल साइड हाईवे का चौड़ीकरण कार्य होने के बाद दो साल पहले नगर पंचायत ने यहां एक हाईटेक शौचालय निर्माण कार्य प्रस्तावित किया। मगर अभी तक बजट न मिलने के कारण यह काम आगे नहीं बढ़ पाया है। व्यापार संघ अध्यक्ष दीपक राणा, सज्जन लाल, सुनील शाह और विनोद सिंह का कहना है कि मुख्य बाजार से लेकर मंगरीगाड गदेरे तक कहीं भी सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं है। व्यापारियों को शौचालय के लिए भी गदेरे में जाना पड़ रहा है। यहां सुलभ इंटरनेशनल का सार्वजनिक शौचालय तो है लेकिन वह बाजार से दूर है जिससे लोगों को इसका फायदा नहीं मिल पाता है। चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्री भी परेशान रहते हैं। खासकर महिला श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *