जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर स्थित गैस एजेंसी में हुई अनियमितता की जांच को लेकर स्थानीय लोगों व पार्षदों ने गढ़वाल मंडल विकास निगम को ज्ञापन दिया। कहा कि इस संबंध में स्थानीय जनता लगातार आवाज उठा रही है।
पार्षद सौरभ नौडियाल के नेतृत्व में लोगों ने देहरादून गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा को ज्ञापन दिया। कहा कि भाबर क्षेत्र में गैस सप्लाई के लिए गैस एजेंसी स्थापित की गई थी। लेकिन, लंबे समय से एजेंसी में अनियमितता हो रही है। घर-घर पहुंच रहे सिलेंडर में निर्धारित क्षमता से कम गैस होती है। पूर्व में वार्ड वासियों ने इसका एक वीडियो बना कर इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित किया था। यही नहीं, उपभोक्ताओं ने समय-समय पर प्रशासन को भी इससे अवगत करवाया। लंबे संघर्ष के बाद गैस एजेंसी के प्रबंधक का स्थानांतरण तो हो गया। लेकिन, एजेंसी में हुए भ्रष्टाचार की जांच नहीं हुई। कहा कि गढ़वाल मंडल विकास निगम को एजेंसी में हुए भ्रष्टाचार की पूरी जांच कर प्रबंधक व दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। इस मौके पर पार्षद रजनीश बेबनी, आशीष रौतेला, रविंद्र रावत, मनोज वर्मा आदि मौजूद रहे।