रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के भूरारानी इलाके में बुधवार तड़के पाइप के गोदाम में अचानक आग लग गई थी। अग्निकांड में करीब ढाई करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। फिलहाल फायर विभाग गोदाम मालिक के विदेश से लौटने का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, दुर्गा कॉलोनी के पास स्थित इस गोदाम में पहले फैक्ट्री संचालित होती थी, लेकिन वर्तमान में यहां पाइप का भंडारण किया जाता है। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने धुआं और आग की लपटें देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी थी। मौके पर पहुंचे 35 फायर कर्मियों ने करीब 11 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। एफएसओ महेश चंद्र ने बताया कि गोदाम प्रबंधन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, आग से ढाई करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। जांच में गोदाम संचालन में कई खामियां और लापरवाही भी सामने आई हैं। गोदाम मालिक निर्मल सिंह विदेश में हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है और उनके लौटने के बाद जांच व आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।