गैस नहीं थी तो महिला ने पार्किंग में चूल्हे में बनाया भोजन

Spread the love

उत्तरकाशी(। नगर पालिका के वार्ड नंबर चार में रसोई गैस की किल्लत ने एक गरीब मजदूर परिवार की मुश्किल बढ़ा दी। परिवार के तीन बच्चों व बीमार घायल पति के साथ मजदूर महिला पार्किंग में लकड़ी से चूल्हा जलाने को मजबूर हो गई। हालांकि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जब इस बात का पता चला तो परिवार के लिए सिलिंडर की व्यवस्था करने के साथ ही जरूरी राशन सामग्री भी उपलब्ध करा दी गई। नेपाली मजदूर महिला हेमा ने बताया कि कल तक पड़ोस से गैस सिलिंडर मांग कर अपनी झोपड़ी में बच्चों के लिए खाना बना लेती थी लेकिन अब गैस की किल्लत ने दिक्कत बढ़ा दी है। कुछ दिन पहले हेमा का पति काम करते घायल हो गया था। उसका इलाज देहरादून के अस्पताल में चल रहा है। ऐसे में एक तो गैस नहीं और ऊपर से तीनों बच्चों की जिम्मेदारी हेमा के कंधों पर आ गई है। गैस न होने पर बीते शनिवार को पड़ोसी से पार्किंग में चूल्हा जलाने की अनुमति मांग कर लकड़ी के चूल्हे पर बच्चों के लिए भोजन तैयार किया। हालांकि मामला सामने आने के बाद वार्ड नंबर चार की सभासद करुणा बिष्ट सहित कई स्थानीय लोग हेमा की मदद के लिए आगे आए। परिवार को आटा चावल, तेल सहित अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई है। रविवार को सुबह गैस सिलिंडर व्यवस्था भी कर दी गई है। दूसरी ओर राजपाल पंवार, अंकित पंवार, नवीन गैरोला, बलदेव रावत आदि ने सरकार को सुदूरवर्ती क्षेत्रों में गैस आपूर्ति सुचारू करने की मांग की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *