पिथौरागढ़। नगरपालिका की टैक्स प्रणाली में बदलाव होगा। गुरुवार को नवनिर्वाचित नगर पालिका की पहली बोर्ड बैठक में टैक्स बदलाव को लेकर प्रस्ताव पारित हुआ है। पालिकाध्यक्ष ने ईओ को नए बाएलाज के निर्माण के निर्देश दिए हैं। नगरपालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष गिरीश चुफाल की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में शहर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। सभासदों ने अपने-अपने वार्डो की समस्याओं को सदन में प्रमुखता से रखा। पालिकाध्यक्ष चुफाल ने कहा कि नगर को सुसज्जित व सुंदर बनाने के लिए पालिका गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने पालिका कर्मचारियों को स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान करने को कहा। बैठक में अधिशासी अधिकारी सूरज कुमार, दीवान साही, सिमरन देवी, कविन्द्र साही, सुजाता देवी, नईम बक्श, दीपेश जंगपांगी, रजनी कन्याल आदि मौजूद रहे।