पिथौरागढ़। तेजम तहसील के होकरा ग्राम पंचायत के लोगों ने गांव को शराब मुक्त बनाने का निर्णय लिया है। ग्राम प्रधान संतोष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों की सहमति से यह निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान क्षेत्र की महिलाओं ने कहा कि शराब के बढ़ते चलन के कारण युवा पीढ़ी बर्बाद होती जा रही है। जिससे परिवारों में कलह भी स्थिति पैदा हो रही है। ग्राम प्रधान कुमार ने कहा कि गांव में शराब की बिक्री करने वाले व्यक्ति पर 50 हजार रुपये का जुर्माना और पुलिस कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विवाह या अन्य सामूहिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर 25 हजार रुपये का जुर्माना व उस व्यक्ति का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। कहा कि जो व्यक्ति शराब पीकर सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर शांति व्यवस्था भंग करेगा। उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। बैठक में पूर्व ग्राम प्रधान रतन सिंह, पूर्व सैनिक हरक सिंह, दान सिंह, गम्भीर सिंह, पूर्व सैनिक कैप्टन भवान सिंह, सुन्दर सिंह, खुशाल सिंह, गंगा सिंह, लछमन राम सहित अन्य महिलाएं मौजूद रही।