वनडे क्रिकेट: घरेलू सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ ये हैं भारत की सबसे बड़ी जीत

Spread the love

नईदिल्ली, वनडे क्रिकेट में घरेलू सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने कई बार रनों के लिहाज से बड़ी और यादगार जीत दर्ज की हैं। अपने मैदानों पर भारत ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दमदार प्रदर्शन करते हुए कीवी टीम को बड़े अंतर से मात दी है। ये मुकाबले भारतीय टीम की ताकत को दर्शाते हैं। ऐसे में आइए घरेलू सरजमीं पर रनों के लिहाज से मिली भारत को सबसे बड़ी जीत पर नजर डालते हैं।
भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर सबसे बड़ी जीत साल 2016 में विशाखापत्तनम के मैदान पर मिली थी। भारत ने कीवी टीम को 190 रनों से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 269/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में न्यूजीलैंड 79 रन पर ऑलआउट हो गई थी। रोहित शर्मा ने 70 और विराट कोहली ने 65 रन बनाए थे। अमित मिश्रा ने 6 ओवर में केवल 18 रन देकर 5 विकेट लिए थे।
भारत को रनों के लिहाज से घरेलू सरजमीं पर दूसरी सबसे बड़ी जीत 1999 में मिली थी। हैदराबाद के मैदान पर कीवी टीम को 174 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम ने 376/2 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था। जवाब में न्यूजीलैंड 202 रन पर ऑलआउट हो गई थी। सचिन तेंदुलकर ने 186* रन की पारी खेली थी। राहुल द्रविड़ ने 153 रन बनाए थे। वेंकटेश प्रसाद और अनिल कुंबले ने 2-2 विकेट लिए थे।
भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर तीसरी सबसे बड़ी जीत साल 2003 में मिली थी। कीवी टीम को 145 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 353/5 का स्कोर बनाया था। वीरेंद्र सहवाग ने 130 रन की पारी खेली थी। सचिन के बल्ले से 102 रन निकले थे। जवाब में न्यूजीलैंड 208 रन पर ऑलआउट हो गई थी। जहीर खान ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए थे।
रनों के लिहाज से भारत को अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथी सबसे बड़ी जीत 107 रन से मिली थी। साल 1994 में दिल्ली के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 289/3 का स्कोर बनाया था। अजय जडेजा ने 90 रन की पारी खेली थी। सचिन के बल्ले से 62 रन निकले थे। जवाब में न्यूजीलैंड 182 रन ही बना पाई थी। सचिन ने गेंदबाजी में 29 रन देकर 2 विकेट लिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *