-डब्ल्यूटीसी फाइनल
नईदिल्ली,। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तीसरे चक्र का फाइनल मुकाबला 11 जून से लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर शुरू होगा। इसके लिए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम जमकर तैयारी कर रही है।
कंगारू टीम अपने खिताब के बचाव के लिए फाइनल मुकाबले में उतरेगी। उसने पिछला खिताब भारतीय क्रिकेट टीम को हराकर अपने नाम किया था।
ऐसे में आइए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर एक नजर डाल लेते हैं।
इस सूची में पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और कप्तान रिकी पोंटिग हैं।
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला मुकाबला साल 1997 में खेला था। आखिरी बार वह 2012 में इस टीम के खिलाफ खेलते हुए नजर आए थे।
उन्होंने 26 मुकाबलों की 48 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 2,132 रन बनाए थे। उनकी औसत 47.37 की रही थी।
उन्होंने 8 शतक और 11 अर्धशतक लगाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 143* रन था।
सूची में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज नील हार्वी हैं।
वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1949 से 1958 तक टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए नजर आए थे।
इस टीम के खिलाफ उन्होंने 14 मुकाबले खेले थे। इसकी 23 पारियों में 81.25 की उम्दा औसत के साथ 1,625 रन बनाने में सफल रहे थे।
उनके बल्ले से 8 शतक और 5 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 205 रन रहा था।
तीसरे स्थान पर पूर्व स्टार बल्लेबाज माइकल क्लार्क हैं। वह 2008 से 2014 तक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ क्रिकेट का सबसे बड़ा प्रारूप खेलते हुए नजर आए थे।
उन्होंने 14 मुकाबले खेले थे। इसकी 27 पारियों में 5 बार नाबाद रहते हुए 1,487 रन बनाए थे। उनकी औसत 67.59 की रही थी।
उनके बल्ले से 5 शतक और 3 अर्धशतक निकले थे। क्लार्क का इस टीम के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर 259* रन रहा था।
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन इस सूची में चौथे स्थान पर हैं।
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टेस्ट मैच साल 1994 में खेला था। आखिरी बार वह 2009 में खेलते हुए नजर आए थे।
उन्होंने 19 टेस्ट की 36 पारियों में 43.70 की औसत से 1,486 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 6 शतक और 5 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 138 रन रहा था।
सक्रिय बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा रन स्टीव स्मिथ के बल्ले से निकले हैं। उन्होंने 12 मुकाबलों की 21 पारियों में 44.94 की औसत से 854 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 4 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 104 रन है।