नईदिल्ली, टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड की धरती पर भारतीय गेंदबाजों को कई दिग्गज बल्लेबाजों ने कड़ी चुनौती दी है। समय-समय पर कुछ बल्लेबाज ऐसे भी रहे हैं जिन्होंने भारत के खिलाफ जमकर रन बनाए और भारतीय क्रिकेट टीम की मुश्किलें बढ़ाई हैं।
अब जब 20 जून से भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है तो आइए नजर डालते हैं उन बल्लेबाजों पर जिन्होंने इंग्लैंड में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
इस सूची में पहले स्थान पर इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट हैं।
उन्होंने इंग्लैंड में भारत के खिलाफ पहला मुकाबला साल 2014 में खेला था।
इस खिलाड़ी ने अब तक 15 मुकाबले खेले हैं और इसकी 25 पारियों में 74.95 की उम्दा औसत के साथ 1,574 रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से 7 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 180* रन है।
भारतीय गेंदबाजों के लिए इस बार भी रूट बड़ी चुनौती होंगे।
इस सूची में दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज सलामी बल्लेबाज एलिस्टेयर कुक हैं।
उन्होंने भारत के खिलाफ इंग्लैंड में अपना पहला टेस्ट 2007 में खेला था और आखिरी बार 2018 में मैदान पर उतरे थे।
कुक ने 17 मैचों की 28 पारियों में 44.29 की औसत से 1,196 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 5 अर्धशतक निकले।
उनका सर्वोच्च स्कोर 294 रन रहा, जो आज भी यादगार है।
तीसरे नंबर पर इंग्लैंड के पूर्व स्टार बल्लेबाज ग्राहम गूच हैं, जिन्होंने अपने दौर में भारत के खिलाफ इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन किया था।
उन्होंने 10 टेस्ट मैचों की 17 पारियों में 66.70 की उम्दा औसत से 1,134 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 4 अर्धशतक जड़े थे।
1990 में लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेली गई उनकी 333 रन की ऐतिहासिक पारी आज भी टेस्ट इतिहास के सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर में गिनी जाती है।
चौथे स्थान पर इंग्लैंड के तकनीकी रूप से बेहद दक्ष बल्लेबाज रहे इयान बेल का नाम आता है।
उन्होंने भारत के खिलाफ इंग्लैंड में 12 टेस्ट मैचों की 19 पारियों में 52.15 की औसत से 991 रन बनाए थे।
इस दौरान उनके खाते में 3 शतक और 3 अर्धशतक शामिल रहे। बेल का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 235 रन था।
अपने शांत स्वभाव और जबरदस्त बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले बेल ने भारत के खिलाफ कई अहम पारियां खेलीं थी।