केंद्रीय पुलिस बल में शामिल होंगे यह कुत्ते, विस्फोटक सूंघने, आईईडी खोजने वाले कामों की दी जाएगी ट्रेनिंग

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) जल्द ही इंडियन ब्रीड के डॉग तैनात करने वाला है। रामपुर हाउंड, हिमालय माउंटेन कैनाइंस और हिमाचली शेफर्ड में गद्दी नस्ल, बखरवाल, तिब्बती मास्टिफ जैसे देसी नस्ल के कुत्तों को केंद्रीय पुलिस बल में शामिल किया जाएगा। इन कुत्तों के चयन से लेकर ट्रेनिंग तक की जिम्मेदारी के9 दस्ते के पास होती है। इन कुत्तों को संदिग्ध, नशीले पदार्थ और विस्फोटकों को सूंघने, आईईडी खोजने, खदानों में जांच करने, नकली कैश को पकडऩे के साथ जोखिम वाले इलाकों में गश्त करने और आतंकियों को खोजने में पुलिस की मदद करने के लिए तैनात किया जाएगा। वर्तमान में केंद्रीय पुलिस में तैनात सभी कुत्ते विदेशी नस्ल के हैं। इनमें जर्मन शेफर्ड, लैब्राडोर, बेल्जियम मैलिनोस और कॉकर स्पैनियल शामिल हैं।
इन कुत्तों के साथ एक हैंडलर की भी तैनाती की जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले भी साइंटिफिक तरीके से देसी नस्ल के कुत्तों को आर्मी, सुरक्षा बल और पुलिस में शामिल करने और उन्हें बढ़ावा देने की बात कह चुके हैं। गौरतलब है कि बीएसएफ, आईटीबीपी और सीआरपीएफ को पर्वतीय कुत्तों को एक साथ ट्रेनिंग देने के लिए आदेश जारी किया गया है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद इन नस्लों को उनकी विशेषताओं के अनुसार तैनाती भी दी जाएगी।
सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, केंद्रीय ओद्यौगिक सुरक्षा बल जैसे सीएपीएफ पुलिस के कामों में मदद के लिए देसी कुत्तों को भर्ती करने के लिए तैयार हैं। रामपुर हाउंड ब्रीड के डॉग की ट्रेनिंग अभी चल रही है। वहीं, हिमालयन माउंटेन कैनीस की ट्रेनिंग और टेस्टिंग के आदेश जारी हो गए हैं। मुधोल हाउंड नस्ल के देसी कुत्ते की टेस्टिंग बीएसएफ और आईटीबीपी की ओर से पहले ही की जा चुकी है। सीआरपीएफ और बीएसएफ के डॉग ट्रेनिंग सेंटर में रामपुर हाउंड जैसे कुत्तों की टेस्टिंग चल रही है। अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ, आईटीबीपी और सीआरपीएफ को हिमाचली शेफर्ड गद्दी, बखरवाल और तिब्बतेन मास्टिफ जैसे पर्वतीय कुत्तों को एक साथ ट्रेनिंग देने के लिए आदेश जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *