पुलिया मरम्मत की नहीं ले रहे सुध, वर्षाकाल में बढ़ेगी समस्या

Spread the love

गिवईस्रोत गेदेरे में बदहाल स्थिति में पड़ी है पुलिया
शिकायत के बाद भी ध्यान नहीं दे रहा सरकारी सिस्टम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वर्षाकाल के दौरान जर्जर हुई गिवईस्रोत पुलिया की अब तक सुध नहीं ली गई है। नतीजा कुछ माह बाद शुरू होने वाले वर्षाकाल में वार्डवासियों की समस्या बढ़ सकती है। जबकि, वार्डवासी लगातार सरकारी सिस्टम से पुलिया मरम्मत की भी मांग उठा रहे हैं। शिकायत के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं होने से वार्डवासियों में आक्रोश बना हुआ है।
बीते अगस्त माह में हुए अतिवृष्टि ने क्षेत्र में खूब तबाही मचाई थी। यही नहीं गिवईस्रोत गदेरे के तेज बहाव में दो बसें भी बह कर वार्डों को जोड़ने वाली पुलिया में फंस गई थी। बाद में क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाल दिया गया था। लेकिन, पुल के पिलरों को काफी नुकसान पहुंचा था। पुल के किनारे लगी रेलिंग भी टूट गई थी। ऐसे में पुलिया से गुजरने वाले लोगों के साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को खतरा बना रहता है। पूर्व में क्षेत्र के निरीक्षण को पहुंची विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी ने जल्द पुलिया की स्थिति सुधारने का आश्वासन दिया था। लेकिन, अब तक हालात जस के तस बने हुए हैं।
बॉक्स समाचार
तो फिर बढ़ेगी चुनौती
गिवईस्रोत गदेरे पर मोहल्लों को जोड़ने वाली पुलिया वर्षाकाल के समय चुनौती बन सकती है। दरअसल, कई बार नदी में बहकर आए पेड़ पिलरों में फंस जाते हैं। जिससे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति भी पैदा होती है। कमजोर पुलिया कब धराशायी हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। क्षेत्रवासियों ने सरकारी सिस्टम से जल्द पुलिया की मरम्मत करवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *