चोरों ने दिनदहाड़े बंद घर को निशाना बनाया

Spread the love

देहरादून। शहर कोतवाली क्षेत्र के सहारनपुर चौक स्थित खदरी मोहल्ला में चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद घर को निशाना बनाया। चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात और 40 हजार रुपये की नगदी उड़ा ले गए। पीड़िता की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खदरी मोहल्ला निवासी नवीन टम्टा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते आठ अक्तूबर को घटना हुई। उनकी पत्नी शकुंतला टम्टा शाम करीब चार बजे अपने एक रिश्तेदार के घर गई थीं। घर पर कोई नहीं था। जब नवीन वापस लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखा सोने का मंगलसूत्र, कानों के टॉप्स, शादी के समय की चांदी की पायल और 40 हजार रुपये नकद चोरी हो गए थे। पीड़ित ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो एक संदिग्ध व्यक्ति लाल रंग की टी-शर्ट पहने घर में घुसता हुआ दिखाई दिया। शहर कोतवाल प्रदीप पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चोर की तलाश कर रही है।
सगाई समारोह में गए परिवार के घर से लाखों के गहने और बर्तन चोरी: जाखन स्थित बापू नगर में सगाई समारोह में शामिल होने गए एक परिवार के घर में चोरी की बड़ी वारदात हुई। चोर घर से सोने-चांदी के गहने, नकदी और कांसे के बर्तन भी चोरी कर ले गए। राजपुर थाना पुलिस ने शक के आधार पर एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर राजपुर प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि अनिता शर्मा निवासी जाखन, बापू नगर ने तहरीर दी। बताया कि नौ दिसंबर को वह अपने पूरे परिवार के साथ गढ़ी कैंट में एक सगाई समारोह में शामिल होने गई थीं। देर रात जब परिवार घर लौटा तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। घर से एक मंगलसूत्र, दो चांदी की चेन, चार जोड़ी चांदी की पायल, चार कांसे की थाली, बालों की क्लिप, दो सोने की बाली और छह हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली। अनिता शर्मा ने पुलिस को बताया कि घटना से दो-तीन दिन पहले सिद्धार्थ थापा उर्फ सिंधु उनके घर के आसपास संदिग्ध हालत में घूम रहा था। उन्हें शक है कि चोरी उसी ने की है। राजपुर थाना पुलिस ने आरोपी सिद्धार्थ थापा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *