सांस्कृति कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ भरत महोत्सव
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार के भाबर में आयोजित तीन दिवसीय भरत महोत्सव का सोमवार को समापन हो गया। इस दौरान समाज सेवा में अपना योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
तीन दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन का शुभारंभ सोसाइटी के संरक्षक प्रकाश चंद्र कोठारी, राजेंद्र पंत, शंकर दत्त गौड़, रिपुदमन सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री पद्मश्री डा. प्रेम चन्द शर्मा ने लोगों को जैविक खेती एवं जैविक किचन गार्डन के बारे में बताया। उन्होंने सब्जियों को कीटों से बचाने के उपाय भी बताए। इसके उपरांत डा. प्रेम चंद्र शर्मा को गौरव सम्मान, पत्रकार राहुल कोटियाल को भरत नामधेय चक्रवर्ती भरत सम्मान दिया गया। साथ ही गणेश प्रसाद बड़ोला को बेस्ट छात्र व सिमरन को बेस्ट छात्रा का खिताब दिया गया। संदीप गुप्ता को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सैन्य सम्मान, सिद्धार्थ रावत को एपीजे अब्दुल कलाम यंग जीनियस अवार्ड दिया गया। शिक्षा के क्षेत्र में कमलेश आर्य को सावित्री बाई पुरस्कार, महिला क्रिकेट में चयन होने के लिए इंदु नौटीयाल को वीर बाला तीलू रौतेली सम्मान व सुभाष नौटियाल को ललिता प्रसाद पत्रकारिता सम्मान दिया गया। इसके उपरांत बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में टीसीजी पब्लिक स्कूल प्रथम, मदरलैंड एकेडमी द्वितीय व एमकेवीएन तृतीय रहा। मेहंदी प्रतियोगिता में स्नेहा प्रथम, अंशिका द्वितीय अंजलि तृतीय रही। पेंटिंग प्रतियोगिता में आद्या ने प्रथम व अनुज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर मयंक कोठारी, सिंधु कोठारी, मनीष भट्ट, विकास देवरानी, विपिन जदली, रेखा नेगी, सोनम पंत, ज्योति कुलाश्री, पीएल खंतवाल, अनुराग शर्मा आदि मौजूद रहे।