श्रीनगर गढ़वाल : होली पर्व और रमजान के मद्देनजर शुक्रवार को कोतवाली श्रीनगर में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीओ सदर अनुज कुमार ने की। सीओ ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही महत्वपूर्ण पर्व हैं। ऐसे में सभी समुदायों की जिम्मेदारी है कि शहर में शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखें। कहा कि पुलिस प्रशासन 24 घंटे जनता की सेवा के लिए तैयार है। किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें, किसी भी प्रकार की सूचना हो तो तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि हुड़दंग, शराब पीकर वाहन चलाने, डीजे के माध्यम से अशांति फैलाने या कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में व्यापार सभा पदाधिकारी, नगर निगम के पार्षद, मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधि एवं अन्य सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे। (एजेंसी)