जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के अंतर्गत झंडीचौड़ में वरिष्ठ पत्रकार सुधींद्र नेगी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रयास पत्रिका का भी विमोचन किया गया।
आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल राइफल्स के लेफ्टिनेंट कर्नल विजय तोमर, सूबेदार मेजर शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में साहित्य, खेल, समाज, पर्यावरण सहित विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए दस लोगों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने स्व. सुधींद्र नेगी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात राजकीय इंटर कालेज कण्वघाटी की छात्राओं ने स्वागत गीत व सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में साहित्य के क्षेत्र में डा. नंदकिशोर ढौंडियाल, खेल के क्षेत्र में मनोज नौडियाल, दीपक बड़थ्वाल, समाजसेवा के लिए मंजू रावत, राजेंद्र सिंह नेगी, इंदू नौटियाल, पत्रकारिता के क्षेत्र में विवेक बनियाल, महिला सशक्तिकरण के लिए अभिलाषा भारद्वाज, पर्यावरण के लिए सूर्यप्रकाश और गढवाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर लैंसडौन को सुधींद्र सम्मान से सम्मानित किया गया। इस मौके पर सुभाष नौटियाल, सूरज कुकरेती, पार्षद जेपी बहुखंडी, अमित नेगी, पुष्पा देवी, अरूण नेगी, श्वेता देवी, सुनीता देवी, दर्शनी देवी, सुमन बिष्ट मौजूद रहे।