छात्रसंघ अध्यक्ष को बंदूक तानकर दी जान से मारने की धमकी

Spread the love

रुद्रपुर। राजकीय महाविद्यालय सिसौना के गेट पर छात्रों से वार्ता कर रहे छात्रसंघ अध्यक्ष पर बोलेरो सवार हमलावरों ने बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी। छात्रसंघ अध्यक्ष ने हमलावरों से बमुश्किल जान बचाई। घटना से गुस्साए छात्रों ने कोतवाली पहुंचकर तीन नामजद समेत आठ के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। छात्रसंघ अध्यक्ष पारस भंडारी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि बुधवार दोपहर में वह कलेज के मुख्य गेट पर कुछ छात्र-छात्राओं से बातचीत कर रहा था। तभी बोलेरो में सवार 8 लोग वाहन से बाहर निकले। आरोपितों ने उसके माथे पर बंदूक रख जान से मारने की धमकी दी। हमलावरों के अन्य साथियों के पास लाठी-डंडे, धारदार हथियार थे। छात्रसंघ अध्यक्ष ने बमुश्किल जान बचाई। छात्रसंघ अध्यक्ष भंडारी ने आरोप लगाया कि 3 दिन पूर्व उसका कलेज के दो युवकों से विवाद हुआ था। दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद उस पर जानलेवा हमले का प्रयास किया गया है। छात्रसंघ अध्यक्ष पर बंदूक तानने से गुस्साए कलेज के छात्र, छात्राओं ने कोतवाली पहुंचकर हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल भूपेंद्र सिंह बृजवाल ने मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *