हल्द्वानी(। नैनीताल जिला जज की आधिकारिक मेल पर धमकी भरे संदेश भेजने के मामले की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। सर्विलांस और साइबर टीम ने तकनीकी संसाधनों से पता लगाया है कि एक सप्ताह पहले ई-मेल तैयार की गई। यह मेल भारत के विभिन्न राज्यों के साथ ही पाकिस्तान तक भेजी गई थी। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को लगातार दो दिन नैनीताल समेत अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिला जज की आधिकारिक मेल पर बम धमाकों की धमकी आई थी। इसके बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जिला न्यायालय और सिविल कोर्ट में किए गए हैं। एसपी सिटी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 10 फरवरी को ई-मेल तैयार की गई थी। इसके बाद इसे लगातार दो दिन सर्कुलेट किया गया। भारत समेत पाकिस्तान व अन्य देशों में 130 मेल फॉरवर्ड की गईं। पुलिस के मुताबिक मेल माइक्रोसाफ्ट, आउटलुक पर तैयार की गई थी। हालांकि अभी तक ई-मेल भेजने वाला संदिग्ध ट्रैक नहीं हो पाया है। बड़े स्तर पर इसकी जांच हो रही है। तो फ्री वाई-फाई पासवर्ड वाले स्थान से तो नहीं किया मेल मेल भेजने वाले आरोपी का पता लगाने में पुलिस को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। माना जा रहा है कि आरोपी ने रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डों या फ्री वाई-फाई वाले किसी स्थान से मेल किया होगा। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि जिन स्थानों पर वाई-फाई में पासवर्ड नहीं होता, उस स्थान से संदेश भेजने वाले को ट्रेस करना काफी मुश्किल होता है। इस मामले में भी आशंका है कि आरोपी ने ट्रेस होने से बचने के लिए किसी ऐसे ही स्थान का उपयोग किया होगा। जांच में ऐसे सामने आए तथ्य पुलिस की साइबर जांच में आईपी एड्रेस ट्रैक करने के बाद हेडर व अन्य तकनीकी संसाधनों से ई-मेल के भारत, पाकिस्तान समेत अन्य जगहों पर सर्कुलेट होने की बात सामने आई है। सर्वर लॉग समेत कई ऐसे तकनीकी संसाधन थे, जिनकी मदद से प्रारंभिक तौर पर इस तथ्यों की पुष्टि हुई है। पुलिस की जांच अभी जारी है।