खटीमा में तीन कांग्रेसियों ने दिया पद से इस्तीफा

Spread the love

रुद्रपुर। चम्पावत में उपचुनाव से ऐन पहले कांग्रेस के तीन प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी पार्टी का साथ छोड़ गये। इनमें से दो प्रदेश संगठन सचिव थे, जबकि तीसरा बड़ा नाम अल्मोड़ा से कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी के बड़े भाई प्रकाश तिवारी का है। तीनों पदाधिकारियों ने पार्टी में अंतर्कलह और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को इस्तीफे की वजह बताया है। खटीमा निवासी कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश तिवारी, प्रदेश संगठन सचिव और चुनाव संचालन समिति सदस्य तरुण ठाकुर और प्रदेश संगठन सचिव व किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह ने सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को अपने त्यागपत्र भेज दिये। अल्मोड़ा से कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी के बड़े भाई प्रकाश तिवारी 42 साल से कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रहे और क्षेत्र में किसानों की आवाज उठाने के लिये भी उन्हें जाना जाता है। प्रकाश ने अपने इस्तीफे में कहा है कि कांग्रेस के भीतर अंतर्कलह बढ़ रही है, लगातार चुनाव हारने के बावजूद पार्टी के कुछ नेता संगठन के बजाय निजी हित साधने में जुटे हैं और समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। इससे खिन्न होकर वह इस्तीफा दे रहे हैं।
वहीं, तरुण ठाकुर और महेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे त्यागपत्र में आरोप लगाया है कि पार्टी में परिवारवाद हावी हो चुका है। चहेतों को बढ़ावा देने की परिपाटी के चलते ही पार्टी की हालत बदतर होती जा रही है। इसके अलावा जनहितों की भी पार्टी में अनदेखी की जा रही है। ऐसे में वे पार्टी में दिये गये पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *