दिल्ली के पीरागढ़ी में सनसनी, कार के अंदर मिलीं तीन लाशें; जहर खाकर जान देने की आशंका

Spread the love

नई दिल्ली , राजधानी दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार के भीतर से तीन लोगों के शव बरामद किए गए। एक ही गाड़ी में तीन संदिग्ध मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान 62 वर्षीय रणधीर, 42 वर्षीय शिवनरेश और 40 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि जिस कार में ये शव मिले, वह रणधीर के ही नाम पर है।
आत्महत्या का शक, शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीनों मृतकों के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। इसके अलावा, कार की तलाशी लेने पर अंदर मौजूद उनका कीमती सामान भी सुरक्षित पाया गया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि यह लूटपाट या छीना-झपटी के इरादे से की गई हत्या नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स और मौके के हालात को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि तीनों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मृतकों में रणधीर और शिवनरेश दिल्ली के रणहौला इलाके के रहने वाले थे, जबकि महिला लक्ष्मी जहांगीरपुरी की निवासी बताई जा रही है। पुलिस ने कार की फॉरेंसिक जांच करवाने के बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद घटनास्थल पर मौजूद रहकर मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और समय का सही पता चल पाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *