ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर हुई बस दुर्घटना में तीन घायल

Spread the love

नई टिहरी। ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांडीखाल पुलिस चौकी क्षेत्र में डाबरी गांव के पास एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को 108 सेवा से जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। वहीं, हाथ में अधिक चोट आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद परिचालक को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है जबकि दो अन्य घायल खतरे से बाहर बताए गए हैं। दुर्घटना का कारण चालक को झपकी आना बताया गया है। शुक्रवार दोपहर को उत्तरकाशी से ऋषिकेश जा रही बस डाबरी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब पांच मीटर नीचे खेत में पलट कर एक पेड़ पर अटक गई जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस दुर्घटना की सूचना पर वहां मौजूद लोगों ने पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम के सदस्यों के साथ फंसे यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाला। कई लोगों को गैस कटर की मदद से सीटें काटकर सकुशल बाहर निकाला गया। बस में कुल 30 लोग सवार थे। उनमें से तीन लोग घायल हुए हैं। कोतवाली निरीक्षक ऐश्वर्यपाल ने बताया कि वाहन दुर्घटना में बस चालक धन सिंह (48) पुत्र बचन सिंह निवासी माल देवता देहरादून, परिचालक मनोज (35) पुत्र गोविंदराम निवासी ग्राम गैरसैण चमोली और सोनिया (25) पुत्री पुरण चंद निवासी 170 लेन नंबर-9 शिव नगर जम्मू को चोट आई हैं। कोतवाल ने बताया कि बस चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ है। स्थानीय लोगों ने कहा कि बस सड़क के नीचे पलटकर एक पेड़ पर अटक गई, जिससे तीन लोगों को ही चोट आई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि तीन घायलों को 108 की सेवा से जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचाया गया। जबकि अन्य यात्रियों को दूसरे वाहनों से गंतव्य को रवाना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *