मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने पर तीन मोटर साइकिल सीज

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पौड़ी जिले की श्रीनगर पुलिस ने तीन वाहन चालकों द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर तीन मोटर साइकिलों को एमवी एक्ट के तहत सीज किया। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार व मॉडिफाइड साइलेन्सर से तेज आवाज करने वाले चालकों के विरुद्ध कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे द्वारा दुपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर व तेज रफ्तार से यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कार्यवाही किये जाने हेतु जनपद के समस्त थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है। जिसके क्रम में थाना श्रीनगर पुलिस द्वारा शुक्रवार को को गंगादर्शन मोड़ पौड़ी रोड पर मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग कर बाइक तेज रफ्तार से चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन वाहन चालकों द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर तीन मोटर साइकिलों को एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद में युवाओं/नाबालिकों द्वारा दुपहिया वाहनों को बिना हैलमेट व मॉडिफाइड साइलेन्सर लगाकर चलाया जा रहा है। जिस कारण सड़क दुर्घटनाएं एवं ध्वनि प्रदूषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु दुपहिया वाहन चलाते समय हैलमेट का प्रयोग अवश्य करें। साथ ही परिजन अपने नाबालिकों को दुपहिया वाहन चलाने हेतु न दें, अन्यथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर एमवी एक्ट के अन्तर्गत नाबालिकों के परिजनों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार, उप निरीक्षक अजय कुमार, मुख्य आरक्षी दीपक मेवाड़, आरक्षी सलमान आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *