पौड़ी के तीन खिलाड़ी फुटबॉल टीम में चयनित

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिले के तीन खिलाड़ियों का पुरुष वर्ग की अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। जनपद के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि न केवल उनकी मेहनत का परिणाम है, बल्कि पौड़ी जिले के खेल विकास और बढ़ते खेल-सांस्कृतिक वातावरण का भी प्रतिबिंब है।
उत्तराखण्ड राज्य की टीम में जिले के जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर रावत के साथ युवा कल्याण विभाग के विमल लसपाल व पशु चिकित्सा विभाग से भावेश जदली का चयन किया गया है। इन खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन, अनुशासन और कौशल के दम पर टीम में स्थान बनाकर जनपद का मान बढ़ाया है। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज फुटबॉल पुरुष वर्ग प्रतियोगिता 8 से 15 दिसबर तक गोवा में आयोजित होगी। टीम के लिए कुल 22 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जबकि 4 खिलाड़ियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। यदि किसी कारण से कोई चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग नहीं कर पाता है, तो प्रतीक्षारत खिलाड़ी को अवसर प्रदान किया जायेगा। खिलाड़ियों के चयन से पौड़ी जनपद में प्रसन्नता का वातावरण है और उन्हें प्रतियोगिता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *