स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर बिल में तीन से चार फीसदी तक छूट

Spread the love

देहरादून। बिजली के स्मार्ट मीटर लगवाने पर घरेलू कनेक्शन पर हर महीने मासिक बिल में चार जबकि गैरआवासीय कनेक्शन के बिलों में तीन प्रतिशत की छूट मिलेगी। इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। प्रमुख सचिव-ऊर्जा आर मीनाक्षीसुंदरम को शनिवार को मीडिया सेंटर में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर की व्यवस्था पूरी तरह स्वैच्छिक है। हां, यह जरूर है कि जो स्वेच्छा से अपने मीटर प्रीपेड स्मार्ट मीटर में तब्दील कराएगा, उसे बिजली के बिलों में मासिक तीन से चार प्रतिशत तक छूट दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर राष्ट्रीय कार्यक्रम का हिस्सा है और पूरे देश में इसे लागू किया जा रहा है। स्मार्ट मीटर अत्याधुनिक बिजली मीटर है जिसका पूरा नियंत्रण उपभोक्ता के हाथ में रहता है। इससे आपको पल- पल बिजली उपयोग की जानकारी, सभी जरूरी सूचनाएं, बिजली उपयोग की तुलना, भुगतान के कई विकल्प मिल जाते हैं। उन्होंने बताया कि पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर से बदलने पर कोई इंस्टॉलेशन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
घर बैठे करिए बिजली का रिचार्ज: घर बैठे मीटर को मोबाइल ऍप या ऑनलाइन रिचार्ज करने की सुविधा भी दी जाएगी। इससे समय पर बिल जमा न होने पर लगने वाले ब्याज और लेट फीस भी उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। छुट्टियों के दिनों में या रात में बैलेंस खत्म होने के बाद भी बिना रूकावट बिजली की सप्लाई जारी रहेगी। उन्होने बताया कि योजना के तहत जून 2026 तक 15.88 लाख उपभोक्ताओं सहित 59212 ट्रासंफार्मर और 2602 फीडर के मीटर बदले जाने हैं। अब तक 24 हजार 610 उपभोक्ता, 3349 ट्रांसफार्मर और 2370 फीडर पर स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
मंत्री, विधायक, अफसरों के आवास पर स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान चलेगा
प्रमुख सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सभी मंत्री, विधायक और अधिकारियों के सरकारी और निजी आवास पर अभियान चलाकर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री आवास, मुख्य सचिव आवास समेत कई अफसरों के आवास पर मीटर लगा दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *